Kushinagar : सर्वजन हित पार्टी सदस्यता अभियान, लोगों में दिखा जोश

Kushinagar : सर्वजन हित पार्टी सदस्यता अभियान, लोगों में दिखा जोश

कुशीनगर। जनपद के खड्डा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत छितौनी इंटर कॉलेज में बीते दिन शनिवार को सर्वजन हित पार्टी द्वारा आयोजित वृहद सदस्यता अभियान में लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।  राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं महासचिव विजय पांडेय और प्रदेश अध्यक्ष दीपक पांडेय के नेतृत्व में हजारों की भीड़, सैकड़ों मोटर साइकिलों और चार पहिया वाहनों का काफिला नेबुआ इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप से रवाना होकर छितौनी पहुंचा।
 
रैली में लोगों ने “माता नारायणी का वंदन करें, चलिए छितौनी चलें” के नारे के साथ पूरे जोश और उत्साह से भाग लिया।  कार्यक्रम के दौरान खड्डा विधानसभा क्षेत्र के भारी संख्या में लोगों ने सर्वजन हित पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी की विचारधारा को अपनाने का संकल्प लिया।
 
इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं महासचिव विजय पांडेय ने कहा आज का यह ऐतिहासिक जनसैलाब साबित करता है कि जनता अब विकल्प नहीं, परिवर्तन चाहती है। सर्वजन हित पार्टी जन-जन की आवाज़ बनकर उभर रही है। हमारा उद्देश्य किसी वर्ग, जाति या धर्म का नहीं बल्कि सभी वर्गों के विकास और अधिकारों की रक्षा का है। यह सदस्यता अभियान नहीं, बल्कि जनजागरण का अभियान है।
 
वहीं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक पांडेय ने कहा खड्डा विधानसभा की जनता ने जो प्रेम और समर्थन दिखाया है, वह आने वाले राजनीतिक परिवर्तन की आहट है। अब जनता पारंपरिक पार्टियों से ऊब चुकी है और सर्वजन हित पार्टी को नई उम्मीद के रूप में देख रही है। हम जनता के हर सुख-दुख में साथ रहेंगे और भ्रष्टाचार, बेरोज़गारी व विकासहीनता के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा।
 
रैली में शामिल लोगों का उत्साह देखते ही बनता था। हर गली, हर नुक्कड़ पर लोग पार्टी के झंडे और नारे के साथ स्वागत कर रहे थे। कार्यक्रम के समापन पर नए सदस्यों को पार्टी की जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। खड्डा विधानसभा में सर्वजन हित पार्टी की यह रैली न सिर्फ संगठन विस्तार का उदाहरण बनी बल्कि अन्य राजनीतिक दलों में भी हलचल मचा दी। अब कुशीनगर से लेकर पूरे प्रदेश में सर्वजन हित पार्टी की चर्चा ज़ोरों पर है।

About The Author

स्वतंत्र प्रभात मीडिया परिवार को आपके सहयोग की आवश्यकता है ।

Post Comment

Comment List

आपका शहर

अंतर्राष्ट्रीय

Online Channel