अखिलेश यादव बोले- आजम खान पर झूठे मुकदमे दर्ज हुए, सपा की सरकार आते ही रद्द होंगे सभी केस

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

प्रयागराज। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से मिलने के रामपुर पहुंचे. उनका हेलीकॉप्टर जौहर यूनिवर्सिटी में उतरा. इसके बाद वह वाहनों के काफिले के साथ आजम खान के घर पहुंचे. आजम खान घर के गेट पर अखिलेश यादव के स्वागत के लिए खड़े मिले. जैसे ही अखिलेश यादव पहुंचे, आजम खान घर के भीतर ले गए. घर के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है. भारी पुलिस बल तैनात रहा. पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव दोपहर लगभग 1 बजे आजम खान के आवास पर पहुंचे. आजम खान की और अखिलेश यादव की 2:55 बजे तक गुफ्तगू चलती रही. इसके बाद दोपहर 3 बजे अखिलेश यादव ने मीडिया से बात की।
 
'आजम पुराने नेता, उनकी बात ही कुछ और' 
अखिलेश यादव ने कहा कि 'मैंने आज आजम खान के साथ बैठकर उनका हालचाल लिया. आजम पुराने नेता हैं. पुराने लोगों की बातें ही कुछ और होती हैं. वे पार्टी की दरख्त हैं. इतनी गहरे जड़े और उतना ही गहरा उनका साया हम लोगों के साथ हमेशा रहा है. ये बड़ी लड़ाई है. हम मिलकर लड़ेंगे, उनका स्वास्थ्य अच्छा हो. उन्हें न्याय मिले'।
 
अखिलेश यादव ने कहा कि शायद देश के इतिहास में, पॉलिटिकल करियर के इतिहास में पता नहीं भारतीय जनता पार्टी कौन सा वल्ड्र रिकॉर्ड बनाना चाहती है, आजम खान पर सबसे ज्यादा केस लगे हैं. उनके ऊपर गलत केस लगे. आजम, उनकी पत्नी और पूरे परिवार पर सरकार ने झूठे मुकदमे लगाए हैं. आजम और उनके परिवार जैसी तकलीफ किसी को भी नहीं पहुंचाई गई।
 
सपा मुखिया ने आगे कहा कि अगर गिनती के हिसाब से हम लोग हिसाब-किताब लगाएं तो हो सकता है गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड में भी नाम आ जाए, इस परिवार का. पुराने जो लोग नेता जी के साथ थे, उनकी बात ही अलग होती है. 2027 में पार्टी की सरकार बनने जा रही है. पीडीए की आवाज बुलंद होगी. क्या कोई कल्पना कर सकता है कि सुप्रीम कोर्ट में जज के ऊपर जूता फेंक दिया गया हो।
 
अखिलेश यादव ने कहा कि आज मैं आजम खान का हालचाल लेने आया था, क्योंकि मैं जेल नहीं पहुंच पाया था. लगातार हम लोग मिलते भी रहेंगे. पीडीए के लोग कहीं बैठे हों, अपमानित जरूर होते हैं. ये बात मैंने विधानसभा में भी एक बार कही थी. जो पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, मुसलमान भाई, आदिवासी पीडीए परिवार है, वह एक सूत्र में अपनी पीड़ा के कारण बंधा है।
 
अखिलेश ने कहा कि पीडीए अपमानित महसूस करता है. इस सरकार में वह लगातार अपमानित हो रहा है. इस बीच आजम से नाराजगी के संबंध में सवाल पूछे जाने पर आजम खान ने मीडिया से कहा कि ये सूचना आप लोगों को मिली कहां से कि मैं नाराज हूं. बहुत से काम आपने खराब कर दिए. इसके बाद अखिलेश ने मीडिया कर्मियों से कहा कि आप लोग सब तय कर लेते हैं. आजम खान पर जितने भी मुकदमे लगे हैं, सब वापस होंगे।
 
बता दें कि अखिलेश यादव तय कार्यक्रम के तहत रामपुर पहुंचे हैं. उनका हेलीकॉप्टर सबसे पहले जौहर यूनिवर्सिटी में उतरा. यहां से वह वाहनों के काफिले के साथ आजम खान के घर पहुंचे. घर के गेट पर आजम खान अखिलेश यादव को लेने के लिए पहुंचे. वह अखिलेश का हाथ पकड़कर उन्हें घर के भीतर ले गए।
 
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान 23 महीने बाद जेल से रिहा हुए हैं. एक दिन पहले मंगलवार को आजम खान ने मीडिया से कहा था-'अखिलेश यादव जी से मैं मिलूंगा और वह सिर्फ मुझसे मिलेंगे. मेरी सेहत मेरी खैरियत लेने आ रहे हैं और यह मेरा हक भी है. एक ही मुकदमे में 34 लाख का जुर्माना है. आपके माध्यम से दरखास्त कर रहा हूं कोई इस घर को खरीद ले.' आजम खान के इस बयान के कई मायने निकाले जा रहे हैं।
 
आजम खान 23 सितंबर को सीतापुर जेल से रिहा हुए थे. आजम अक्टूबर 2023 से सीतापुर जेल में बंद थे. आजम खान सपा सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री रहे. 1989 में उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बने और श्रम, रोजगार, मुस्लिम वक्फ और हज जैसे विभागों को संभाला. 1993 में वे एक बार फिर राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री बने।
 
आजम खान उत्तर प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता भी रहे हैं.जबकि, 2003 से 2007 तक कैबिनेट मंत्री के रूप में संसदीय मामलों, शहरी विकास, जल आपूर्ति, शहरी रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन विभागों का कामकाज देखा. 2012 में अखिलेश यादव की सरकार के दौरान आजम खान नगर विकास समेत कई महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री बने।
 
 
 
 
 
 

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें