नवीनतम
Haryana News: हरियाणा में औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार, 2600 एकड़ में बनेगा इंडस्ट्रियल एरिया
Haryana News: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अंबाला छावनी क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के लिए बड़े और ठोस फैसलों की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि साहा इंडस्ट्रियल एरिया के साथ लगती करीब 2600 एकड़ भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया को अब दोबारा शुरू किया जाएगा।
इस भूमि पर एक नया इंडस्ट्रियल एरिया, लॉजिस्टिक पार्क और रेलवे का फ्रेट टर्मिनल विकसित किया जाएगा, जिससे इस क्षेत्र को औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने की योजना है।
मंत्री विज ने बताया कि तीनों परियोजनाओं (इंडस्ट्रियल एरिया, लॉजिस्टिक पार्क और फ्रेट टर्मिनल) के एक साथ विकसित होने से उद्यमियों को समग्र सुविधाएं मिलेंगी और यह क्षेत्रीय औद्योगिक ढांचे को मजबूती प्रदान करेगा। साथ ही इससे हजारों की संख्या में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे, जिससे अंबाला और आसपास के क्षेत्र की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आएगा।
मंत्री ने अंबाला के उपायुक्त को मौके पर ही भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया दोबारा शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया पहले चुनावों के कारण रुकी हुई थी, जिसे अब तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। विज ने कहा कि कई किसान पहले ही सरकार को भूमि देने के इच्छुक हैं और इसके लिए ई-भूमि पोर्टल पर आवेदन भी कर चुके हैं।
मौके पर मौजूद स्थानीय उद्यमियों ने मंत्री से आग्रह किया कि उन्हें साहा क्षेत्र के पास उद्योग स्थापित करने के लिए भूमि दी जाए। इस पर मंत्री ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार उद्यमियों के हित में पूरी तरह काम कर रही है और उन्हें हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
उद्योगपतियों ने बताया कि अनिल विज के प्रयासों से साहा इंडस्ट्रियल एरिया में विभिन्न विभागों द्वारा तेजी से कार्य किया जा रहा है। सफाई, जनस्वास्थ्य, बिजली और अन्य विभागों की टीमें लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं, जिससे बुनियादी सुविधाओं में सुधार हो रहा है।
About The Author
संदीप कुमार मीडिया जगत में पिछले 2019 से ही सक्रिय होकर मीडिया जगत में कार्यरत हैं। अख़बार के अलावा अन्य डिजिटल मीडिया के साथ जुड़े रहे हैं। संदीप का पॉलिटिकल न्यूज, जनरल न्यूज में अनुभव रहा है। साथ ही ऑनलाइन खबरों में काफी अनुभव है l


Comments